पब्लिक रिलेशन्स सोसायटी ऑफ इंडिया के शिमला चैप्टर ने मनाया राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस
‘सनातन मूल्य और उभरता भारत : जनसंपर्क की भूमिका’ विषय पर की संगोष्ठी
राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस के अवसर पर पब्लिक रिलेशन्स सोसायटी ऑफ इंडिया के शिमला चैप्टर ने ‘सनातन मूल्य और उभरता भारत : जनसंपर्क की भूमिका’ विषय पर एक संगोष्ठी आयोजित की। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला की बनोगी पंचायत के देऊरी गांव में दुर्गा माता मंदिर परिसर में यह संगोष्ठी आयोजित की गई । यह अवसर इसलिए भी महत्वपूर्ण था क्योंकि इसी दिन देऊरी गांव में दुर्गा माता मंदिर की प्रतिष्ठा भी थी।
इस संगोष्ठी में देऊरी गांव सहित बनोगी पंचायत के कई प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बनोगी पंचायत के पूर्व प्रधान गिरधारी लाल ठाकुर ने की। गिरधारी लाल ठाकुर ने कहा कि सनातन धर्म विश्व का सबसे पुराना धर्म है और सनातन के मूल्य उभरते भारत को विकसित भारत की ओर अवश्य ही लेकर जाएंगे । उन्होंने कहा कि जनसंपर्क की भूमिका सनातन मूल्यों को आम व्यक्ति तक पहुंचने की है ताकि पंक्ति में खड़ा आखिरी व्यक्ति भी सनातन मूल्य के महत्व को समझ सके। इस अवसर पर मौजूद विशिष्ट अतिथि रवि ठाकुर ने कहा कि सनातन मूल्यों को हमारी शिक्षा पद्धति में विशेष स्थान मिलना चाहिए तभी हम सही मायनों में सनातन मूल्यों को उभरते भारत के साथ जोड़ पाएंगे।
कार्यक्रम में पब्लिक रिलेशन्स सोसायटी ऑफ इंडिया के शिमला चैप्टर की ज्वाइंट सेक्रेटरी डा देव कन्या ठाकुर ने कहा कि वसुधैव कुटुंबकम् का मंत्र दुनिया को भारत ने ही दिया है और इसी धारणा से हम सभी के प्रति समान दृष्टि रखते हैं। सनातन धर्म में प्रकृति एवं जीव जंतुओं को भी पूजनीय माना क्या है । उन्होंने कहा कि हमारी सभ्यता के विकास और सनातन मूल्य के प्रचार एवं प्रसार में जनसंपर्क की अहम भूमिका रही है।
कार्यक्रम का प्रारंभ जनसंपर्क गीत से किया गया । तत्पश्चात डा देव कन्या ठाकुर ने नेशनल प्रेसिडेंट श्री अजीत पाठक का जनसंपर्क दिवस के अवसर पर संदेश पढ़कर सुनाया। कार्यक्रम का संचालन सहायक जनसंपर्क अधिकारी कुल्लू श्री जय प्रकाश ने किया । कार्यक्रम में कोठी बनोगी के प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने हिस्सा लिया। मंदिर प्रतिष्ठा में सम्मिलित होने आए कल्लू के पूर्व सांसद श्री महेश्वर सिंह भी मौजूद थे।


